मल्टीप्लेक्स: कुछ दिलचस्प शब्द चित्र ।
शनिवार को मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स में एक ताज़ा फिल्म देखी । बातें तो फिल्म की करनी थीं । लेकिन सिनेमाहॉल में कुछ दिलचस्प घटनाओं पर नज़र पड़ी । प्रस्तुत हैं सिनेमाहॉल के कुछ दृश्यों के शब्द-चित्र :
1. फिल्म शुरू होने में पंद्रह मिनिट बाक़ी हैं । मल्टीप्लेक्स के मुख्य-द्वार पर सिक्युरिटी ने एक बंदे को रोक रखा है । बहस जारी है । बंदे का कहना है कि ये बिस्किट और सॉफ्ट-ड्रिंक ही तो है । सिक्यूरिटी का कहना है कि बिस्किट not allowed है । मल्टीप्लेक्स में जो खाना-पीना है भीतर ही खाना-पीना है । आप चाहें तो बाहर रखिए । लौटते में लेकर जाईये । बंदा मानने को तैयार नहीं है । बहस जारी है ।
2. हॉल के भीतर । अटेन्डेन्ट सभी को उनकी सीटें बता रहे हैं ।
निवेदन- excuse me....शायद आप मेरी सीट पर हैं ।
जवाब--नहीं नहीं ये तो हमारी ही सीट है । F-5 ही तो है ।
निवेदन-ओहो F-5 नहीं है, F-7 है । आप दो सीट आगे आ गये हैं ।
जवाब- ओह सॉरी, आईये आप बैठिये ।
निवेदन खीझ में बदल जाता है--ओफ्फो these old men...so irritating.....!!!!
3.हॉल के भीतर । अगला दृश्य लड़का: 'तुमसे कहा था ना कॉर्नर सीट लो, पर तुम हो कि....'
लड़की-'खुद देखना था नेट पे...पता भी है कितनी कम सीट बाकी थीं । एक तो पहले से डिसाइड नहीं करोगे और फिर..'
लड़का- 'तुम तो बस इल्जाम लगाओगे, मजबूरियां नहीं समझोगी, मैं ऑफिस में कोई घास नहीं छील रहा था'
लड़की- 'अब बस भी करो मूड खराब मत करो'
लड़का- 'ओह डार्लिंग dont you know, how much I love you' ।
लड़की-ओहो क्या कर रहे हो, बगल वाले अंकल देख रहे हैं ।
4. हॉल के भीतर । फिल्म शुरू होने में दो मिनिट बाक़ी हैं ।
बच्चा: मम्मी, पॉपकॉर्न चाहिए मुझे ।
मम्मी: ओहो इंटरवल में खाएंगे बच्चे ।
बच्चा: मम्मी देखो साइड में बैठा वो लड़का, उस लड़की को kiss कर रहा है ।
मम्मी: छी बेटे यहां वहां मत देखो सीधे बैठो । वरना अभी घर ले चलूंगी । these people na...they are so desperate.....
5. फिल्म शुरू होने से ठीक पहले । राष्ट्रगान का बजना शुरू । जन गण मन.......
लड़की- 'खड़े हो ना । national anthem है । सब खड़े हैं । मुझे emberess मत करवाओ ।
लड़का- ओहो dont you know..how tired I am....I respect national anthem....but i cant stand.
लड़की- तुम खड़े होते हो या नहीं.....वरना मैं ये चली ।
लड़का- ओहो लो खड़ा हो गया ।
...................जय जय जय जय हे ।।
इसके बाद फिल्म शुरू होती है । बाकी शब्दचित्र फिर कभी ।